438 लीटर विदेशी शराब के साथ किशनगंज से दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज पुलिस ने पाठामारी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 438 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को पिकअप सहित गिरफ्तार किया है।

बिहार के किशनगंज जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पाठामारी थाना पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 438.03 लीटर विदेशी शराब जब्त की और तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक पिकअप गाड़ी के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ा गया आरोपी मधेपुरा जिले के बखरी गांव का रहने वाला ज्योतिष कुमार है, जो दीप नारायण यादव का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में शराब की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है, जिसके बाद अमलझाड़ी पेट्रोल पंप के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान ठाकुरगंज की तरफ से आ रही एक पिकअप (संख्या RB43GB0936) को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो चालक ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे धर दबोचा और तलाशी लेने पर गाड़ी से शराब की बोतलें बरामद हुईं।
नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने शराब और पिकअप के अलावा आरोपी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के जरिए इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम उजागर किए जाएंगे। साथ ही, इस अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति का पता चलने पर उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस पूरी छापेमारी टीम में अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ और पाठामारी के प्रभारी थानाध्यक्ष अनील कुमार शर्मा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने साफ किया है कि किशनगंज को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।