दिल्ली एनसीआर

15 साल तक नाम बदल कर फरार अपराधी दिल्ली पुलिस ने सोनू को दबोचा

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 15 साल से फरार चल रहे शातिर अपराधी रविंदर उर्फ सोनू चिकना को रोहिणी से गिरफ्तार किया है।

Sonu Nigam· 25 Oct, 8:33 AM · 1 मिनट
15 साल तक नाम बदल कर फरार अपराधी दिल्ली पुलिस ने सोनू को दबोचा

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 15 सालों से कानून की आंखों में धूल झोंक रहा था। पुलिस ने रविंदर उर्फ सोनू उर्फ चिकना नाम के इस अपराधी को दिल्ली के रोहिणी इलाके से धर दबोचा। आरोपी इतना शातिर था कि उसने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली थी ताकि पुलिस उसे ढूंढ न सके।

रविंदर के खिलाफ साल 2011 में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 20,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, फरार रहने के दौरान उसने अपना नाम बदलकर 'दिलबाग सिंह' रख लिया था। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए कभी कोलकाता तो कभी बरेली में रहा, लेकिन आखिरकार वह वापस दिल्ली लौट आया।

ड्राइवर बनकर छिपा था आरोपी

दिल्ली लौटने के बाद आरोपी ने मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में ड्राइवर के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था। वह चुपचाप अपनी नई पहचान के साथ रह रहा था, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसकी तलाश में थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह चेन स्नैचिंग, चाकूबाजी और कारजैकिंग जैसी कई वारदातों में शामिल रहा है।

फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले 15 सालों में उसने और कौन-कौन से अपराध किए और इस दौरान उसे किन लोगों ने पनाह दी या मदद की।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment