किशनगंज: मिट्टी का टीला धंसने से तीन मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम
बिहार के किशनगंज में घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई तीन बच्चियां टीला धंसने से दब गईं, हादसे में तीनों की मौत से परिवार में मातम।

बिहार के किशनगंज जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां दिघलबैंक प्रखंड के हरूवाडांगा स्थित सुल्तानगंज गांव में मिट्टी का टीला धंसने से तीन मासूम बच्चियों की जान चली गई। यह हादसा बुधवार को उस वक्त हुआ जब तीनों बच्चियां अपने घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चियां घर के पास ही मिट्टी खोद रही थीं और टोकरियों में भरकर उसे घर ले जा रही थीं। इसी दौरान मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और तीनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने जब चीख-पुकार सुनी, तो वे तुरंत बचाव के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चियों को बाहर तो निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
एक ही परिवार के दो भाइयों की बेटियों की मौत
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि मरने वाली तीनों बच्चियां एक ही परिवार से थीं। मृत बच्चियों की पहचान जमदेश आलम की बेटियों नगमा प्रवीण और निशा प्रवीण, तथा उनके भाई फरियाद आलम की बेटी रूबी खातून के रूप में हुई है। जमदेश और फरियाद सगे भाई हैं। एक साथ तीन मासूमों की मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, परिजनों ने बच्चियों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद प्रशासन उनसे बातचीत कर आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहा है।