मयूर विहार: क्लास में अचानक गिरी 9 साल की छात्रा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
दिल्ली के मयूर विहार में कक्षा 3 की छात्रा क्लास में अचानक गिरकर बेहोश हो गई, अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित। पुलिस CCTV खंगाल रही है।

देश की राजधानी दिल्ली के मयूर विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की मासूम बच्ची की क्लास के अंदर ही अचानक मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह की है, जब बच्ची पढ़ाई के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस को सुबह करीब 9:52 बजे एक पीसीआर कॉल के जरिए इस हादसे की जानकारी मिली। बताया गया कि बच्ची को तुरंत निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया, जहां उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
CCTV फुटेज में कैद हुए आखिरी पल
पुलिस ने घटना की सच्चाई जानने के लिए स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में देखा गया कि बच्ची सामान्य रूप से क्लास में दाखिल होती है। अचानक वह अपनी कमर पर हाथ रखती है और अगले ही पल जमीन पर गिर जाती है। टीचर ने उसे तुरंत उठाने की कोशिश की और कुर्सी पर बैठाने का प्रयास किया, लेकिन बच्ची पूरी तरह बेहोश हो चुकी थी। इसके बाद टीचर उसे लेकर कमरे से बाहर निकलीं।
स्कूल के अन्य कैमरों में बच्ची को सीढ़ियां चढ़ते और अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए भी देखा गया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह स्कूल आने के बाद सामान्य दिख रही थी। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उस मासूम के साथ क्या हुआ और उसकी मौत की असली वजह क्या थी। मामले की आगे की तफ्तीश जारी है।