बिहार

नालंदा : कुत्ते को बचाने के चक्कर में 3 युवकों की मौत , 2 की हालत नाजुक

बिहार के नालंदा में कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक डिवाइडर से टकराई, हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन किशोरों की मौत हो गई।

Sonu Nigam· 4 Nov, 12:54 PM · 2 मिनट
नालंदा : कुत्ते को बचाने के चक्कर में 3 युवकों की मौत , 2 की हालत नाजुक

बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। एक ही बाइक पर सवार पांच दोस्त जब सड़क से गुजर रहे थे, तभी अचानक सामने आए एक कुत्ते ने पूरी कहानी बदल दी। कुत्ते को बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

यह दर्दनाक हादसा नेशनल हाईवे पर पिलर संख्या 51 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही चालक ने सामने आए कुत्ते को बचाने के लिए ब्रेक लगाया और संतुलन बनाने की कोशिश की, बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार पांचों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।

दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातम

इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों की पहचान सबनहुआडीह गांव के रहने वाले 19 वर्षीय गौतम कुमार, हरनौत के आदर्शनगर निवासी 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिनकी मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार को आनन-फानन में बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की बारीकी से जांच कर रही है और परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment