अपराध

डाबड़ी मर्डर केस: दिल्ली पुलिस ने हाशिम बाबा गैंग के सदस्य को दबोचा

दिल्ली पुलिस ने डाबड़ी हत्याकांड में हाशिम बाबा गैंग के सदस्य शिवम को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर।

Sonu Nigam· 31 Oct, 1:07 PM · 2 मिनट
डाबड़ी मर्डर केस: दिल्ली पुलिस ने हाशिम बाबा गैंग के सदस्य को दबोचा

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबड़ी इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में हाशिम बाबा गैंग के एक सक्रिय सदस्य शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 24 अक्टूबर को हुए उस खूनी संघर्ष के बाद की गई है, जिसमें एक 30 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई थी।

पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान पीड़ित व्यक्ति को चाकू से बुरी तरह गोद दिया गया था। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी और अब शिवम की गिरफ्तारी के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और गैंग के और कितने लोग इसमें शामिल थे।

नजफगढ़ में बेटे को बचाने की कोशिश में मां की मौत

दिल्ली में हिंसा की एक और दिल दहला देने वाली घटना नजफगढ़ इलाके से सामने आई है, जहां एक मां ने अपने बेटे को बचाने के चक्कर में अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने इस मामले में सतीश लांबा (30) नाम के व्यक्ति की पहचान आरोपी के रूप में की है।

मृतका की पहचान सीमा ऋषि के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताते हुए उनके पति कमल ऋषि ने बताया कि जब वे मामला शांत कराने पहुंचे, तो तीन लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। पहले कमल पर हमला हुआ और फिर उनकी पत्नी सीमा को निशाना बनाया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां 17 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।

पीड़ित के बेटे ध्रुव ऋषि ने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तब मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने उसका रास्ता रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि उन लोगों ने ध्रुव को पीटना शुरू कर दिया। जब उसकी मां उसे बचाने पहुंची, तो हमलावरों ने उसके माता-पिता पर चाकू से हमला कर दिया। ध्रुव के अनुसार, हमलावरों में से एक व्यक्ति उनका पड़ोसी ही है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment