ऑनलाइन शराब बुकिंग पर भड़की AAP, 24 घंटे में सुविधा हटाने की चेतावनी
AAP ने दिल्ली सरकार को चेतावनी दी है कि अगर ऑनलाइन शराब बुकिंग सुविधा 24 घंटे में नहीं हटाई गई, तो बड़ा आंदोलन होगा।

दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा को लेकर राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस नई व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर 'बुक योर लिकर' स्कीम को वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
बुधवार को दिल्ली आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश के जरिए सरकार को खुली चुनौती दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह योजना पूरी तरह से 'जनविरोधी' है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। भारद्वाज ने चेतावनी दी कि अगर इस समय सीमा के अंदर फैसला नहीं लिया गया, तो पार्टी दिल्ली सरकार के कामकाज को ठप करने के लिए विरोध प्रदर्शन करेगी।
प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
सौरभ भारद्वाज ने सरकार की प्राथमिकताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रशासन को केवल शराब की दुकानों पर लगने वाली लाइनों की चिंता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे लोगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों की लंबी कतारों में खड़े बुजुर्ग मरीजों, 'पिंक कार्ड' का इंतजार कर रही महिलाओं और उन लाखों लोगों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं दिखाई जा रही है जिनके नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं और वे लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं।
बता दें कि यह ऑनलाइन बुकिंग सुविधा दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) द्वारा 'दिल्ली लिकर बुकिंग' ऐप के जरिए शुरू की गई है। इस सिस्टम के तहत लोग ऑनलाइन शराब रिजर्व कर सकते हैं, लेकिन इसकी होम डिलीवरी नहीं होती। ग्राहकों को एक तय समय के भीतर संबंधित दुकान पर जाकर अपना ऑर्डर कलेक्ट करना होता है। इसी व्यवस्था को लेकर अब AAP ने कड़ा विरोध जताया है।