दिल्ली एनसीआर

दिल्ली में नकली दवाओं पर बड़ा एक्शन, दरीबागंज में लाखों का माल जब्त

दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने नकली दवाओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। दरीबागंज में लाखों की दवाएं जब्त और कई केस दर्ज किए गए।

Sonu Nigam· 5 Nov, 6:41 AM · 2 मिनट
दिल्ली में नकली दवाओं पर बड़ा एक्शन, दरीबागंज में लाखों का माल जब्त

राजधानी दिल्ली में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले गिरोहों के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने अवैध फार्मास्युटिकल व्यापार के खिलाफ अपनी सख्ती बढ़ा दी है, जिसके तहत हाल ही में कई बड़े खुलासे हुए हैं। विभाग द्वारा की गई छापेमारी और जांच में न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं, बल्कि भारी मात्रा में संदिग्ध और नकली दवाएं भी बरामद की गई हैं।

इस अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी दरीबागंज के पदम चंद मार्ग स्थित टी-पॉइंट के पास मिली। ड्रग्स कंट्रोल विभाग और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के साइबर सेल ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक वाहन से करीब 13.29 लाख रुपये की संदिग्ध अवैध दवाएं जब्त की गईं। जब्त किए गए सामान में Bio-D3 Plus, Voveran SR 100 और Amaryl MV 2 mg जैसे पांच कार्टन शामिल थे। मौके से पकड़े गए व्यक्ति के पास न तो कोई वैध ड्रग लाइसेंस था और न ही दवाओं की खरीद-फरोख्त से जुड़ा कोई दस्तावेज़। जांच में यह भी सामने आया कि Voveran SR 100 की कई स्ट्रिप्स पर बैच नंबर, मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और MRP जैसी जरूरी जानकारियां तक नहीं लिखी थीं।

निरीक्षण में खुलासा: 272 उल्लंघन और नकली सैंपल्स की पुष्टि

विभाग ने पिछले एक तिमाही के आंकड़ों का खुलासा करते हुए बताया कि कुल 569 निरीक्षण किए गए, जिनमें 272 नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। इनमें सबसे चिंताजनक बात यह है कि 86 मामले नशीले और साइकोट्रोपिक पदार्थों से जुड़े थे। दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए लिए गए 43 स्पेसिमेन सैंपल्स में से 26 को 'नकली' या 'स्प्यूरियस' पाया गया। इसके अलावा, 433 कानूनी सैंपल्स की जांच में भी क्वालिटी कंट्रोल की गंभीर खामियां नजर आईं। केवल दवाओं ही नहीं, बल्कि कॉस्मेटिक उत्पादों की जांच में भी 19 में से 2 सैंपल्स मानक स्तर पर फेल रहे।

इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। विभाग ने नकली दवाओं के व्यापार के लिए 6 मामले और बिना लाइसेंस संचालन के लिए 2 केस दर्ज किए हैं। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत 8 मामलों में मुकदमा शुरू किया गया है, जबकि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और दिल्ली पुलिस के सहयोग से NDPS एक्ट के तहत 6 FIR दर्ज की गई हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार की नीति 'जीरो टॉलरेंस' की है। उन्होंने कहा कि अनधिकृत या नकली दवाओं की बिक्री, स्टॉक और वितरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग अब निगरानी तंत्र को और मजबूत कर रहा है ताकि राजधानी में दवाओं की सुरक्षा और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment