मध्यप्रदेश: चरित्र शंका में पिता ने बेटी की गला घोंटकर की हत्या, पति ने बाहर से बंद किया कमरे का दरवाजा; दोनों गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा तोमर (32) की शादी रामकिशोर तोमर निवासी ग्राम रतनपुरा से हुई थी। करवा चौथ के दिन पूजा अपने मायके जाने की बात कहकर ससुराल से निकली थी, लेकिन वह मायके नहीं पहुंची।

मुरैना: जिले के नगरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चरित्र शंका के चलते एक पिता ने अपनी ही 32 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पहले बेटी का गला घोंटा गया और फिर पास में पड़ी ईंट से उसके सिर पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस वारदात में मृतका के पति की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने पिता और पति दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा तोमर (32) की शादी रामकिशोर तोमर निवासी ग्राम रतनपुरा से हुई थी। करवा चौथ के दिन पूजा अपने मायके जाने की बात कहकर ससुराल से निकली थी, लेकिन वह मायके नहीं पहुंची। अगले दिन जब वह वापस ससुराल लौटी तो पति ने उससे पूछताछ की, लेकिन उसने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद पति ने अपने ससुर विजय पाल पवैया को बुला लिया।
बताया गया है कि 2 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे विजय पाल ने अपनी बेटी पूजा से इस बात को लेकर पूछताछ की। इसी दौरान चरित्र को लेकर शंका के चलते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में विजय पाल अपनी बेटी को कमरे के अंदर खींचकर ले गया। वहीं, मृतका के पति रामकिशोर ने उसे कमरे के अंदर धक्का देकर बाहर से कुंडी लगा दी और अपने ससुर से कहा कि आज इसे मार ही डालो, इसने परेशान कर रखा है।
इसके बाद आरोप है कि विजय पाल ने पहले पूजा का गला घोंटा और फिर कमरे में पड़ी ईंट से उसके सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में विजय पाल पवैया पुत्र अतर सिंह निवासी ग्राम गुहिसर, थाना मौ, जिला भिंड तथा रामकिशोर तोमर पुत्र दाताराम तोमर निवासी ग्राम रतनपुरा, थाना नगरा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने राउंड अप कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
