उत्तरप्रदेश: मंदिरों में चोरी का बड़ा खुलासा! 136 पीतल के घंटे लेकर घूम रहा था चोर,चिल्ला पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा
मामला चिल्ला थाना क्षेत्र के बरेठीकला गांव का है।यहां रहने वाले लल्ला ने पुलिस को सूचना दी थी कि बीती रात गांव के दो मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी हो गए हैं।शिकायत मिलते ही चिल्ला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी।

बांदा: जिन मंदिरों में भक्त सिर झुकाकर अपनी मन्नतें मांगते हैं,उन्हीं मंदिरों को चोर ने अपना निशाना बना लिया।मंदिरों में लगे पीतल के घंटे और उनकी जंजीरें चोरी कर ले जाने वाले आरोपी को चिल्ला पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 136 छोटे-बड़े पीतल के घंटे,130 जंजीरें और 29 टूटे हुए ताले बरामद किए हैं।बरामदगी देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
एक रात में दो मंदिरों से गायब हुए घंटे,पुलिस ने शुरू की तलाश
मामला चिल्ला थाना क्षेत्र के बरेठीकला गांव का है।यहां रहने वाले लल्ला ने पुलिस को सूचना दी थी कि बीती रात गांव के दो मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी हो गए हैं।शिकायत मिलते ही चिल्ला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी।पुलिस की टीमों ने सुराग जुटाए और मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पलरा मोड़ के पास से भूरा पुत्र श्रीपाल निवासी नांदादेव,थाना जसपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुले राज,कई मंदिरों को बनाया था निशाना
पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में आरोपी ने बरेठीकला के गजानन माता मंदिर और बहोरन बाबा मंदिर के अलावा पदारथपुर स्थित शंकर जी मंदिर से पीतल के घंटे चोरी करने की बात स्वीकार की।इतना ही नहीं,बिसंडा थाना क्षेत्र के कोनी गांव स्थित भैरव बाबा मंदिर से भी घंटे चोरी करने की जानकारी दी।
बरामदगी ने खोली चोरी की पूरी कहानी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर 136 पीतल के घंटे,130 जंजीरें, 29 टूटे हुए ताले,प्लास,छेनी और हथौड़ा समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
जसपुरा थाने में भी दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चिल्ला थाने में मुकदमा अपराध संख्या 124/26 धारा 305(घ)/317(2) बीएनएस और बिसंडा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 430/26 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।इसके अलावा जसपुरा थाने में भी उसके खिलाफ पूर्व का आपराधिक मुकदमा दर्ज है।