मैनपुरी: एलाऊ थाना क्षेत्र के कुर्रा रोड स्थित परिगवा गांव के समीप बुधवार देर रात एक खाद-बीज एजेंसी के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. हादसे में करीब 700 बोरी मक्का जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

जानकारी के अनुसार, आशीष खाद-बीज एजेंसी की संचालिका प्रिया गुप्ता बुधवार शाम करीब सात बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चली गई थीं. देर रात करीब 12 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई. आग की लपटें देखकर वहां से गुजर रहे एक युवक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई.

सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे फायर ब्रिगेड की टीम और थाना एलाऊ पुलिस मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया.

एजेंसी संचालक प्रवेश गुप्ता ने बताया कि गोदाम में करीब 4,000 बोरी मक्का का भंडारण था. आग लगने से लगभग 700 बोरी मक्का पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जिससे लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है.

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.