उत्तर प्रदेश: रायबरेली में दर्दनाक हादसा: फतेहपुर से घर लौट रहे तीन भाइयों की गाड़ी पलटी, एक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनापुर निवासी तीन सगे भाई बोलेरो से फतेहपुर से अपने घर वापस लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे जब उनकी गाड़ी डीह थाना क्षेत्र के निनावा पानी की टंकी के पास पहुंची, तो अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बेकाबू बोलेरो सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी।

रायबरेली: रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर चौकी अंतर्गत गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिससे वाहन चला रहे 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फतेहपुर से लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार, अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनापुर निवासी तीन सगे भाई बोलेरो से फतेहपुर से अपने घर वापस लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे जब उनकी गाड़ी डीह थाना क्षेत्र के निनावा पानी की टंकी के पास पहुंची, तो अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बेकाबू बोलेरो सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी।
एक भाई की मौके पर मौत, दो घायल
हादसे में बोलेरो चला रहे प्रदीप शुक्ला (40) पुत्र राम आसरे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बोलेरो में सवार उनके दो सगे भाई नन्हू शुक्ला और प्रमोद शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही परशदेपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीह पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बोलेरो पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।