उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ में 500 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, 53 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों पर देशभर में लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग किसान सम्मान निधि और केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों को फोन करते थे।

AAasim· 30 Oct, 10:37 AM · 1 मिनट
उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ में 500 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, 53 आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़‌: प्रतापगढ़‌ जिले में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। देश के 19 राज्यों में करीब 500 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले में प्रतापगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई कुंडा, रानीगंज और देहात कोतवाली थाना क्षेत्रों में की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों पर देशभर में लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग किसान सम्मान निधि और केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद जरूरी जानकारी और बैंकिंग प्रक्रिया के बहाने लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों से रकम निकाल लेते थे। ठगी के इस पूरे नेटवर्क में बेरोजगार युवकों को भी निशाना बनाया जाता था। आरोपियों द्वारा बेरोजगार लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे और कई लोगों से किराये पर बैंक खाते लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया जाता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। अप्रैल महीने से अब तक करोड़ों रुपये की ठगी के मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी जाती थी और इस नेटवर्क के तार देश के अन्य राज्यों में कहां-कहां तक जुड़े हैं।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे मामले को लेकर एएसपी पूर्वी आलोक कुमार भाटी ने बताया कि पुलिस की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment