उत्तर प्रदेश: फतेहपुर में तीन मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपी हिरासत में, पूछताछ में बताई चौंकाने वाली वजह
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे यूपी-112 के जरिए सूचना मिली कि बेहटा गांव में तीन मंदिरों की कुछ मूर्तियों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त कर दिया है।

फतेहपुर: जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में तीन मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने से इलाके मे हड़कंप मच गया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में गांव के ही मनोज नामक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने के पीछे अजीब वजह बताई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे यूपी-112 के जरिए सूचना मिली कि बेहटा गांव में तीन मंदिरों की कुछ मूर्तियों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने दयाशंकर की तहरीर पर थाना बिंदकी में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि 28 और 29 अक्टूबर की दरम्यानी रात गांव के ही रहने वाले मनोज ने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मनोज ने बताया कि उसे ऐसा आभास हुआ था कि यदि मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो जाएंगी, तो वहां नए मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उसे उम्मीद थी कि मंदिर निर्माण के दौरान उसे काम मिल जाएगा और कुछ पैसे भी मिलेंगे, जिनसे वह अपना इलाज करा सकेगा। पुलिस का कहना है कि इसी सोच के चलते उसने कथित तौर पर मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है और नशे का भी आदी है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस पूरे प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
