उत्तर प्रदेश

उत्तरप्रदेश: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले युवा उद्यमी अंकित बंसल, मथुरा की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर की चर्चा

AAasim· 21 Oct, 11:53 PM · 2 मिनट
उत्तरप्रदेश: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले युवा उद्यमी अंकित बंसल, मथुरा की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर की चर्चा

मथुरा: मथुरा के युवा उद्यमी एवं लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित बंसल ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से शिष्टाचार भेंट कर मथुरा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान अंकित बंसल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से आते हैं। बढ़ती आबादी और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मथुरा में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष सरकारी अस्पतालों के आधुनिकीकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं के विकास की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ब्रजवासियों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली, आगरा या अन्य बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए मथुरा में ही सुदृढ़ चिकित्सा तंत्र विकसित होना चाहिए।

अंकित बंसल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को मथुरा आने का सादर आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से मथुरा को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है।

इस अवसर पर अंकित बंसल ने कहा, "मथुरा की पहचान केवल धार्मिक नगरी तक सीमित न रहे, बल्कि हमारा ब्रज स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में भी विकास का मॉडल बने। मेरा प्रयास है कि मथुरा से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप मथुरा को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा उद्यमी अंकित बंसल उद्योग और रोजगार के साथ-साथ स्वच्छता, सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय हैं। उन्हें विश्वास है कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से आने वाले समय में मथुरा की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक बेहतर होंगी।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment