कटिहार में उर्वरक तस्करी पर कसा शिकंजा, 281 बोरा खाद और 20 बाल्टी DAP लिक्विड जब्त
कटिहार के प्राणपुर में कृषि विभाग ने अवैध उर्वरक तस्करी के खिलाफ छापेमारी कर 281 बोरा खाद और 20 बाल्टी लिक्विड DAP जब्त किया है।

बिहार के कटिहार जिले में खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कृषि विभाग ने जोरदार प्रहार किया है। बुधवार तड़के विभाग की टीम ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे प्राणपुर प्रखंड में एक बड़ा अभियान चलाया, जिसमें अवैध रूप से खाद की ढुलाई कर रहे चार वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया। इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
कृषि विभाग की इस छापेमारी में कुल 281 बोरा उर्वरक, जिसमें डीएपी (DAP), यूरिया और पोटाश शामिल हैं, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 20 बाल्टी डीएपी लिक्विड भी जब्त किया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) राजीव कुमार के निर्देश और कृषि समन्वयक संजय सिंह के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई।
इन वाहनों से हुई बरामदगी
जांच टीम ने जब संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। वाहन संख्या WB 59E446 से सबसे ज्यादा 160 बोरा डीएपी और 20 बाल्टी डीएपी लिक्विड मिला। वहीं, वाहन संख्या BR 39GB 2811 से 70 बोरा डीएपी, BR 11GF7134 से 25 बोरा डीएपी, 9 बोरा यूरिया और 6 बोरा पोटाश बरामद हुआ। इसके अलावा एक अन्य वाहन BR 39ER 3079 से 8 बोरा डीएपी और 3 बोरा यूरिया जब्त किया गया।
कटिहार का यह इलाका पश्चिम बंगाल की सीमा से लगा हुआ है, जिसके कारण यहाँ अक्सर उर्वरकों की अवैध तस्करी की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए विभाग ने संवेदनशील इलाकों में उर्वरक निरीक्षकों की तैनाती की है और दुकानों के स्टॉक व बिक्री रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने सख्त लहजे में कहा है कि किसानों के हक की खाद की कालाबाजारी या अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने जब्त वाहनों के कागजातों की जांच शुरू कर दी है और इस मामले में चार अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने साफ किया कि जिले में यह सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद मिल सके।