समस्तीपुर: महिला को जबरन सिंदूर लगाने का वीडियो वायरल, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिहार के समस्तीपुर में एक विवाहित महिला को जबरन सिंदूर लगाकर ले जाने वाले मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला को जबरन सिंदूर लगाकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
यह पूरी घटना खानपुर थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स एक महिला के माथे पर जबरन सिंदूर लगा रहा है। वीडियो में महिला लगातार विरोध कर रही है और उस शख्स से रुकने की गुहार लगा रही है, लेकिन आरोपी ने उसकी एक न सुनी और उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया।
बेगूसराय से पकड़ा गया आरोपी, 5 पर FIR दर्ज
समस्तीपुर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि 38 वर्षीय पीड़िता ने 28 अक्टूबर को खानपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने तुरंत छापेमारी शुरू की और मुख्य आरोपी 25 वर्षीय कुंदन कुमार को बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। कुंदन कुमार मसिना गांव का निवासी है और उसे पूछताछ के लिए खानपुर थाने लाया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोपी कुंदन कुमार और पीड़िता एक-दूसरे को पिछले कई सालों से जानते थे और उनके बीच बातचीत भी होती थी। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की असल वजह क्या थी।
इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इसके अलावा, पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने इस संवेदनशील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया। डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।