समस्तीपुर: पंचायत प्रतिनिधि के पति की गोली मारकर हत्या, बेटी की शादी से पहले घर में मातम
समस्तीपुर में अज्ञात हमलावरों ने पंचायत प्रतिनिधि के पति सुबोध राय की गोली मारकर हत्या कर दी। परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं।

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक पंचायत प्रतिनिधि के पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान रसूलपुर गांव के वार्ड नंबर 1 निवासी 45 वर्षीय सुबोध राय के रूप में हुई है, जिनकी पत्नी धर्मशिला देवी रायपुर पंचायत में वर्तमान पंच हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की रात सराइरंजन थाना क्षेत्र में घटी। सुबोध राय अपने किसी निजी काम से वार्ड नंबर 6 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान सड़क पर घात लगाकर बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद सुबोध लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि सुबोध राय की बेटी की शादी महज एक महीने बाद होनी तय थी, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं। अब खुशियों की जगह मातम ने ले ली है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही सराइरंजन थाना प्रभारी धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर के सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।