बिहार

बिहार के 38 जिलों में एक साथ Startup Bank Connect! 6,289 स्टार्टअप्स ने लिया हिस्सा, फंडिंग के रास्तों पर हुई चर्चा

यह कार्यक्रम बिहार के सभी 38 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में स्टार्टअप बिहार के अंतर्गत स्थापित स्टार्टअप सेल्स के नेटवर्क का उपयोग किया गया। कार्यक्रम में राज्यभर के 6,289 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों की भी सहभागिता रही।

AAasim· 29 Oct, 11:07 PM · 2 मिनट
बिहार के 38 जिलों में एक साथ Startup Bank Connect! 6,289 स्टार्टअप्स ने लिया हिस्सा, फंडिंग के रास्तों पर हुई चर्चा

उद्योग विभाग, बिहार सरकार की पहल स्टार्टअप बिहार द्वारा राज्यव्यापी जागरूकता कार्यक्रम ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट: स्टार्टअप्स के लिए वित्तीय सहायता तक पहुँच’ का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम बिहार के सभी 38 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में स्टार्टअप बिहार के अंतर्गत स्थापित स्टार्टअप सेल्स के नेटवर्क का उपयोग किया गया। कार्यक्रम में राज्यभर के 6,289 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों की भी सहभागिता रही।

शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स के समक्ष वित्तीय सहायता प्राप्त करना प्रमुख चुनौतियों में से एक है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टार्टअप बैंक कनेक्ट कार्यक्रम की परिकल्पना की गई, ताकि स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं वित्तपोषण के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप के वित्तपोषण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से परिचित कराना था। इसमें बैंकिंग प्रक्रियाओं, स्टार्टअप बिहार एवं स्टार्टअप इंडिया के अंतर्गत उपलब्ध सरकारी सहायता योजनाओं, संस्थागत वित्त प्राप्त करने में उद्यमियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा व्यवसाय की स्थापना और विस्तार के लिए वित्तीय योजना एवं आवश्यक तैयारियों के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान उपलब्ध ऋण सुविधाओं, बिना किसी संपार्श्विक (कोलेटरल) के ऋण तथा संस्थागत सहायता तंत्र पर संवादात्मक चर्चा की गई। साथ ही, विद्यार्थियों को स्टार्टअप्स की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में वित्तीय अनुशासन एवं सुविचारित व्यावसायिक योजना की भूमिका से भी अवगत कराया गया।

यह पहल युवाओं के बीच नवाचार, उद्यमशीलता एवं वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने तथा जमीनी स्तर पर स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने के लिए स्टार्टअप बिहार द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

स्टार्टअप बिहार का उद्देश्य उभरते उद्यमियों को आवश्यक जानकारी, वित्तीय संसाधनों तक पहुँच और अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने विचारों को सफल उद्यमों में परिवर्तित कर सकें।

स्टार्टअप बिहार, बिहार सरकार के उद्योग विभाग की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य में नवाचार, उद्यमशीलता एवं स्टार्टअप्स के समावेशी विकास को प्रोत्साहित करना है। स्टार्टअप बिहार सुदृढ़ इन्क्यूबेशन केंद्रों एवं स्टार्टअप सेल्स के नेटवर्क के माध्यम से स्टार्टअप्स को उनकी विकास यात्रा के विभिन्न चरणों में सहयोग प्रदान करता है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment