दिल्ली में घर खरीदने की होड़, 15 लाख दाम 2 घंटे में बुक हुए 2500 से ज्यादा फ्लैट्स

देश की राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए DDA की नई स्कीम किसी जैकपॉट से कम नहीं साबित हुई। DDA आवास निवेश योजना 2026 के तहत जैसे ही ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल खुला, आवेदकों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि महज दो घंटों के भीतर 2,500 से ज्यादा लो-इनकम ग्रुप (LIG) फ्लैट्स बुक हो गए। यह पूरी प्रक्रिया 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर पूरी की गई, जिसने यह साबित कर दिया कि दिल्ली में किफायती आवास की मांग कितनी ज्यादा है।
यह स्कीम दिल्ली के उपराज्यपाल और DDA चेयरमैन तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इस योजना के तहत नरेला के सेक्टर G2 से G6 के पॉकेट 3 और पॉकेट 6 में कुल 2,516 यूनिट्स उपलब्ध कराई गई थीं। इनमें से पॉकेट 3 में 1,020 और पॉकेट 6 में 1,496 फ्लैट्स शामिल हैं। खास बात यह है कि हर फ्लैट का प्लिंथ एरिया लगभग 49.90 वर्ग मीटर है, जो छोटे परिवारों के लिए एक आदर्श विकल्प है।
सस्ते दाम और शानदार कनेक्टिविटी का जादू
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमत रही। DDA ने मूल निपटान मूल्य पर 25% की भारी छूट दी है, जिससे ये घर आम आदमी की पहुंच में आ गए हैं। छूट के बाद पॉकेट 3 के फ्लैट्स की संभावित कीमत करीब 15.01 लाख रुपये और पॉकेट 6 के फ्लैट्स की कीमत लगभग 14.95 लाख रुपये तय की गई है। बुकिंग के लिए आवेदकों को 1 लाख रुपये की बुकिंग राशि और 2,500 रुपये की नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस देनी थी।
DDA अब नरेला को एक बड़े रेजिडेंशियल और स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित कर रहा है। आने वाले समय में यहां कनेक्टिविटी और भी बेहतर होने वाली है, क्योंकि यहां DMRC मेट्रो स्टेशन और प्रस्तावित RRTS स्टेशन की योजना है। साथ ही, अर्बन एक्सटेंशन रोड I और II और जीटी करनाल रोड के जरिए शहर के अन्य हिस्सों से जुड़ाव आसान हो जाएगा।
पात्रता की बात करें तो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के कोई भी भारतीय नागरिक इसके लिए आवेदन कर सकते थे, और सबसे बड़ी राहत यह थी कि पहले से संपत्ति होने पर भी कोई पाबंदी नहीं थी। हालांकि, DDA ने यह भी सूचित किया है कि मेंटेनेंस के कारण उनका GIS पोर्टल 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा।