छुट्टी ना मिलने पर स्कूल को दी बम से उडाने की धमकी, छात्रा हुई गिरफ्तार
दिल्ली के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल में बम की धमकी देने वाली छात्रा पकड़ी गई। छुट्टी पाने के लिए उसने यह फर्जी ईमेल भेजा था।

राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल प्रशासन को एक ईमेल मिला जिसमें परिसर में बम होने का दावा किया गया था। इस धमकी ने स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी, लेकिन जब जांच पूरी हुई तो सच्चाई हैरान करने वाली निकली। यह पूरा मामला किसी साजिश का नहीं, बल्कि एक छात्रा की 'छुट्टी पाने की जिद' का नतीजा था।
23 अक्टूबर 2026 को मिले इस धमकी भरे ईमेल के बाद दक्षिण जिला साइबर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस की एक विशेष टीम, जिसमें सब-इंस्पेक्टर उदय सिंह, हेड कॉन्स्टेबल विकास कुमार, प्रवीण और कॉन्स्टेबल प्रवीण जून व सुमन शामिल थे, ने इस मामले की कमान संभाली। डिजिटल फॉरेंसिक और आईपी ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने ईमेल के स्रोत का पता लगाया, जिसके तार सीधे स्कूल की ही एक नाबालिग छात्रा से जुड़े मिले।
सिर्फ एक छुट्टी के लिए किया ऐसा काम
जब पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। छात्रा ने बताया कि उसका मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि वह चाहती थी कि बम की खबर से डरकर स्कूल बंद हो जाए और उसे छुट्टी मिल जाए। महज एक दिन के आराम के लिए छात्रा ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की।
पुलिस ने 24 अक्टूबर को छात्रा की पहचान की पुष्टि की और उसके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (Juvenile Justice Act) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना के बाद एक सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाकर झूठी धमकियां देना एक गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में बख्शा नहीं जाएगा, खासकर तब जब हाल के दिनों में राजधानी के कई स्कूलों में इस तरह के फर्जी अलर्ट देखे गए हैं।