गाजियाबाद की फैक्ट्री में भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों की मशक्कत के बाद पाया काबू
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगी। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित ट्रोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में धुएं का गुबार छा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक, आग फैक्ट्री की पहली मंजिल से शुरू हुई, जहां पैकेजिंग का काम होता था। देखते ही देखते लपटें पूरी बिल्डिंग में फैलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए उन्हें अतिरिक्त मदद की जरूरत पड़ी। इसके बाद वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से भी गाड़ियां बुलाई गईं।
साढ़े तीन घंटे चला ऑपरेशन, कार परफ्यूम यूनिट में लगी थी आग
कुल छह दमकल गाड़ियों की टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की और सुबह 7:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर फाइटर्स ने न केवल आग बुझाई, बल्कि इस बात का भी खास ख्याल रखा कि लपटें फैक्ट्री की अन्य मंजिलों तक न पहुंचें। आग बुझने के बाद मलबे और सामान को हटाकर कूलिंग का काम किया गया ताकि दोबारा आग न भड़के।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर कार्डबोर्ड बनाने का काम होता था, जबकि पहली मंजिल पर कार परफ्यूम बनाने की यूनिट थी। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को संभाला। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।