दिल्ली के गोवा निवास में अब मिलेगा असली गोअन स्वाद, खुलेगा खास रेस्टोरेंट
दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित गोवा निवास में अब आप असली गोअन स्वाद का आनंद ले सकेंगे। जानिए नए रेस्टोरेंट और सुविधाओं के बारे में।

अगर आप दिल्ली में रहकर गोवा के पारंपरिक जायकों को मिस करते हैं, तो जल्द ही आपकी यह इच्छा पूरी होने वाली है। दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नवनिर्मित गोवा निवास में अब एक खास रेस्टोरेंट शुरू किया जा रहा है, जो पूरी तरह से पारंपरिक गोअन कुजीन (Goan Cuisine) के लिए समर्पित होगा। यह पहल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के उस सुझाव के बाद ली गई है, जिसमें उन्होंने गोवा निवास को गोअन संस्कृति और खान-पान के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही थी।
गोवा के लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री दिगंबर कामत ने इस बात की पुष्टि की है कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी में गोवा की प्रामाणिक पाक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह रेस्टोरेंट नवीनीकृत निवास का एक मुख्य आकर्षण होगा, जहां लोग गोवा के असली स्वाद का अनुभव कर सकेंगे।
16 साल बाद बदला गोवा निवास का चेहरा, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बता दें कि गोवा निवास को करीब 16 साल तक चले एक लंबे नवीनीकरण प्रोजेक्ट के बाद शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक तौर पर फिर से खोला गया। इस उद्घाटन समारोह में मंत्री दिगंबर कामत, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के गृह एवं शहरी विकास मंत्री आशीष सूद मौजूद रहे।
अब यह कॉम्प्लेक्स पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है। नए रेस्टोरेंट के संचालन के लिए यहां एक मॉडुलर किचन और एक शानदार डाइनिंग एरिया तैयार किया गया है। ठहरने की सुविधाओं की बात करें तो यहां 21 डबल बेडरूम और एक डोरमेट्री उपलब्ध है, जिसमें सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग की सुविधा दी गई है। कमरों का किराया 2,000 रुपये प्रति रात तय किया गया है।
इस इमारत की एक खास बात यह भी है कि गोवा की भौगोलिक पहचान को सम्मान देने के लिए इसके हर फ्लोर का नाम गोवा की अलग-अलग नदियों के नाम पर रखा गया है, जो यहां आने वाले मेहमानों को गोवा की याद दिलाएगा।