नोएडा: 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरे पिता और 11 साल का बेटा, दोनों की मौत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में पूजा के लिए फूल तोड़ते समय 23वीं मंजिल से गिरने से पिता और 11 साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। महागुन मायवुड्स सोसाइटी की 23वीं मंजिल की बालकनी से एक पिता और उनके 11 साल के बेटे के गिरने से दोनों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार पूजा की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 40 वर्षीय रंदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। रंदीप नई दिल्ली स्थित सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रंदीप और उनका बेटा बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे। फूलों तक पहुँचने के लिए उन्होंने सीढ़ी का इस्तेमाल किया था। इसी दौरान आरव का पैर फिसल गया और उसे बचाने की कोशिश में रंदीप का संतुलन भी बिगड़ गया, जिसके बाद दोनों सीधे 23वीं मंजिल से नीचे जा गिरे।
पूजा की तैयारी और अचानक हुआ हादसा
यह हादसा उस समय हुआ जब रंदीप की पत्नी खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं। सुबह करीब 4:00 बजे पुलिस रिस्पांस व्हीकल के जरिए बिसरख थाने को इस घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुँचे पुलिसकर्मियों ने पिता-पुत्र को गंभीर हालत में पाया और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और स्थानीय थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में इसे एक दुखद दुर्घटना माना जा रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।
गौरतलब है कि नोएडा अथॉरिटी ने 15 मई 2025 को एक निर्देश जारी कर निवासियों को बालकनी के किनारों से गमले हटाने की सलाह दी थी ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके।