दोहा वर्ल्ड चैंपियनशिप: दिल्ली में मनु भाकर और हिमांशु समेत दिग्गज भारतीय निशानेबाज करेंगे तैयारी

भारतीय निशानेबाजी के सितारों के लिए अब मिशन दोहा की शुरुआत हो चुकी है। ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप दोहा 2026 के लिए चुने गए भारत के दिग्गज निशानेबाज 22 अक्टूबर से नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में एक विशेष तैयारी कैंप में हिस्सा लेंगे। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करना है, ताकि वे कतर के दोहा में 1 से 14 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस बड़ी चैंपियनशिप में पदक जीत सकें।
इस तैयारी कैंप को अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से चरणों में बांटा गया है। 10 मीटर राइफल और पिस्टल के साथ-साथ पुरुषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल और स्कीट एथलीट 22 से 29 अक्टूबर तक अभ्यास करेंगे। वहीं, 50 मीटर राइफल और महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल वर्ग के खिलाड़ी 31 अक्टूबर तक कैंप में रहेंगे। ट्रैप श्रेणी के निशानेबाज 28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक अपनी ट्रेनिंग पूरी करेंगे।
इन दिग्गजों पर टिकी हैं नजरें
भारतीय टीम में कई बड़े नाम शामिल हैं जो इस कैंप के जरिए अपनी लय हासिल करेंगे। 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर, सुरुचि और सैन्यम जैसी महिला निशानेबाज शामिल हैं, जबकि पुरुषों में रवीन कुमार, जयपाल मालवीय और कमलजीत मोर्चा संभालेंगे। 10 मीटर राइफल में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ राकेश माने और पार्थ मखिजा नजर आएंगे, वहीं महिलाओं में एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और शामभवी क्षिरसागर अभ्यास करेंगी।
इसके अलावा, 50 मीटर राइफल में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और निरज कुमार जैसे नाम शामिल हैं। ट्रैप वर्ग में नीरू, मनीषा कीर और प्रगति दुबे जैसी महिला निशानेबाज अपनी तैयारी को अंतिम रूप देंगी।
NRAI के हाई परफॉरमेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूचैम्प ने इस कैंप की अहमियत बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों के लिए अपने प्रदर्शन को निखारने का एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने जोर दिया कि कोच हर एथलीट के लिए स्पष्ट बेंचमार्क तय कर रहे हैं ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फाइनल में जगह बना सकें।
यह चैंपियनशिप इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि यहीं से लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रतियोगिता के दौरान कुल 36 ओलंपिक कोटा स्थान दिए जाएंगे, जिससे इस कैंप का दबाव और महत्व दोनों बढ़ गया है। यह कैंप दोहा जाने से पहले भारतीय खिलाड़ियों के लिए आखिरी घरेलू तैयारी का मौका होगा।