उत्तर प्रदेश: जौनपुर में MLC चुनाव के लिए मतदान शुरू, 90 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा; 67 हजार से अधिक मतदाता डालेंगे वोट
जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 68 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 22 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 60 हजार 396 मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6 हजार 776 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जौनपुर: जिले में एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और वोटिंग भी शुरू हो चुकी है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल 67 हजार 172 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया जाएगा। निष्पक्ष, सकुशल और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले में कुल 90 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 68 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 22 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 60 हजार 396 मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6 हजार 776 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पीठासीन अधिकारियों और 270 मतदान अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 22 पीठासीन अधिकारी और 66 मतदान अधिकारियों को आरक्षित रखा गया है। मतदान की पूरी प्रक्रिया पर जोनल, सेक्टर और माइक्रो ऑब्जर्वर नजर रखेंगे।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, निर्वाचन के मद्देनजर 23 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट के सभी न्यायालय वादकारियों के लिए बंद किया गया है। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।