उत्तर प्रदेश: वाराणसी खंड की शिक्षक-स्नातक एमएलसी सीटों पर मतदान शुरू, 34 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में होगी बंद
वाराणसी खंड की दोनों सीटों पर कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबले पर सबकी नजर है।

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। वाराणसी खंड की दोनों सीटों पर मतदाता शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। वाराणसी में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 74,840 मतदाता 21 मतदान केंद्रों के 102 बूथों पर वोट डालेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल हैं। स्नातक सीट के लिए 73 मूल बूथों के साथ आठ सहायक बूथ बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक सीट के लिए 21 बूथ निर्धारित हैं।
स्नातक सीट पर सपा-भाजपा में मुकाबला
वाराणसी खंड की दोनों सीटों पर कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबले पर सबकी नजर है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह के बीच कड़ी टक्कर की संभावना है। नाम वापसी की अंतिम तारीख तक किसी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया था।
आठ जिलों में करीब 3.3 लाख मतदाता
वाराणसी खंड में वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिले शामिल हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक के करीब 2.88 लाख और शिक्षक के लगभग 34,900 मतदाता हैं। आठ जिलों में स्नातक के लिए 257 और शिक्षक के लिए 112 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इस चुनाव में सामान्य चुनाव की तरह प्रत्याशी के नाम के सामने मुहर नहीं लगानी होती। मतदाता को अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने अंक ‘1’ लिखना होता है।
अन्य वरीयताओं के लिए क्रमवार अंक लिखे जा सकते हैं। इसके लिए मतदान केंद्र पर उपलब्ध निर्धारित स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। एक ही अंक दो प्रत्याशियों के सामने लिखने या किसी प्रत्याशी के सामने एक से अधिक अंक दर्ज करने पर मतपत्र अमान्य हो सकता है। मतदान के बाद 27 अक्टूबर को पहाड़िया मंडी में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके बाद दोनों सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।