उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश: पीलीभीत में शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान शुरू, 11 बूथों पर 3502 मतदाता करेंगे वोटिंग

दरअसल, शुक्रवार सुबह आठ बजे से इस निर्वाचन क्षेत्र के नौ जिलों के साथ पीलीभीत में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में मतदान शहर, बीसलपुर, पूरनपुर, कलीनगर और अमरिया तहसीलों के अलावा बरखेड़ा तथा बिलसंडा ब्लॉक में की गई है।

AAasim· 23 Oct, 10:13 AM · 1 मिनट
उत्तर प्रदेश: पीलीभीत में शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान शुरू, 11 बूथों पर 3502 मतदाता करेंगे वोटिंग

पीलीभीत: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव का शांखनाथ हो गया है। सुबह 8 बजे से जिले में 11 बूथों पर एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है और शाम चार बजे तक 3502 शिक्षक मतदाता बैलट पेपर से मतदान करेंगे। चुनावी मैदान में 17 प्रत्याशी हैं। मतदान को लेकर पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए एक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारी लगाए गए हैं।

दरअसल, शुक्रवार सुबह आठ बजे से इस निर्वाचन क्षेत्र के नौ जिलों के साथ पीलीभीत में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में मतदान शहर, बीसलपुर, पूरनपुर, कलीनगर और अमरिया तहसीलों के अलावा बरखेड़ा तथा बिलसंडा ब्लॉक में की गई है। जहां 3502 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में भाजपा से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, सपा से हाजी दानिश अख्तर प्रत्याशी हैं। शर्मा गुट से संजय कुमार मिश्रा निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

अन्य 14 निर्दलीय प्रत्याशियों में राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी, नेत्रपाल भी मैदान में हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अपर पुलिस अधीक्षक, छह सीओ, सात थाना प्रभारी, नौ निरीक्षक और 27 उपनिरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा तीन महिला उपनिरीक्षक, 181 आरक्षी व मुख्य आरक्षी तथा 55 महिला आरक्षियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एसपी सुकीर्ति माधव ने चुनाव ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश दिए हैं।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment