देश की विधानसभाओं के लिए बनेंगे एक जैसे नियम, दिल्ली में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा
दिल्ली विधानसभा में देश की विभिन्न विधानसभाओं के नियमों में एकरूपता लाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। जानें क्या है पूरा प्लान।

देश की विभिन्न विधानसभाओं के कामकाज और नियमों में एकरूपता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने जानकारी दी है कि 27 अक्टूबर को दिल्ली में 'कमिटी ऑफ प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स' की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पूरे देश की विधायी संस्थाओं के लिए 'यूनिफॉर्म मॉडल ऑफ रूल्स ऑफ प्रोसीजर एंड कंडक्ट ऑफ बिजनेस' यानी कामकाज के एक समान नियमों का खाका तैयार करना है।
यह बैठक सरदार पटेल मार्ग स्थित ताज होटल में होगी, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश विधानसभा के स्पीकर सतीश महाना करेंगे। लोकसभा स्पीकर द्वारा गठित इस समिति की बैठक में दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और नागालैंड जैसी विधानसभाओं के अध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल होंगे। दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता, जो खुद इस समिति के सदस्य हैं, बैठक में स्वागत भाषण देंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा और मंथन
बैठक के दौरान एक ड्राफ्ट रिपोर्ट पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसमें प्रस्तावित यूनिफॉर्म मॉडल रूल्स के लिए कई सिफारिशें शामिल हैं। चर्चा का मुख्य केंद्र इन सिफारिशों की जांच करना, लंबित मुद्दों को सुलझाना और एक साझा प्रक्रियात्मक ढांचे पर सहमति बनाना होगा। यदि चर्चा सकारात्मक रही, तो इस ड्राफ्ट रिपोर्ट को अपनाने पर भी विचार किया जा सकता है।
इस पूरी पहल का मकसद यह है कि देश की अलग-अलग विधानसभाओं के कामकाज में एक जैसा तालमेल रहे और वे एक-दूसरे के बेहतरीन तौर-तरीकों (Best Practices) से सीख सकें। इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी।
दिल्ली विधानसभा सचिवालय इस आयोजन की सभी तैयारियों में जुटा है। बाहर से आने वाले सभी प्रतिनिधियों और अधिकारियों को 'स्टेट गेस्ट' का दर्जा दिया गया है और उनके लिए विशेष प्रोटोकॉल और संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। बैठक के समापन के बाद समिति के सदस्य मीडिया से रूबरू होंगे और इस पूरी चर्चा के निष्कर्ष और आगे की राह के बारे में जानकारी साझा करेंगे।