दिल्ली विधानसभा की मेजबानी में देशभर की विधानसभाओं के लिए बनेंगे समान नियम
दिल्ली विधानसभा 27 अक्टूबर को एक हाई-लेवल मीटिंग की मेजबानी करेगी, जिसमें देशभर की विधानसभाओं के लिए समान मॉडल नियमों पर चर्चा होगी।

देश की लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली विधानसभा विधायी बैठक का आयोजन 27 अक्टूबर को नई दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग स्थित ताज होटल में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत की विभिन्न विधानसभाओं के लिए 'यूनिफॉर्म मॉडल रूल्स' (समान मॉडल नियम) को लागू करने पर चर्चा करना है।
यह पूरी पहल लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर शुरू की गई है, ताकि देशभर के विधायी निकायों के कामकाज में एकरूपता, पारदर्शिता और कुशलता लाई जा सके। इस हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना करेंगे, जबकि दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता स्वागत भाषण देंगे।
कई राज्यों के दिग्गज लेंगे हिस्सा
इस बैठक में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसमें महाराष्ट्र के स्पीकर राहुल नरवेकर, हिमाचल प्रदेश के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया और कर्नाटक के स्पीकर गुरुपड़ा गौड़ा संगंगौड़ा पाटिल जैसे प्रमुख चेहरे नजर आएंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और नागालैंड की विधानसभाओं के प्रतिनिधि भी इस मंथन का हिस्सा होंगे।
बता दें कि इस दिशा में काम पहले से ही चल रहा है। मई 2026 में मैसूरु में हुई एक पिछली बैठक के बाद से एक समिति ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार कर रही है। अब दिल्ली में होने वाली यह बैठक उस ड्राफ्ट रिपोर्ट की समीक्षा करने और उसे मंजूरी देने के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित होगी।
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के अनुसार, यह बैठक सभी राज्यों के पीठासीन अधिकारियों के लिए अपने अनुभवों को साझा करने और भारतीय लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रभावशीलता को मजबूत करने का एक बेहतरीन अवसर है। समिति का लक्ष्य एक ऐसा ढांचा तैयार करना है जो राज्यों की अपनी विशिष्ट जरूरतों का सम्मान भी करे और साथ ही देश में लोकतांत्रिक सामंजस्य को भी बढ़ावा दे।