दिल्ली एनसीआर

दिल्ली के मिलन गार्डन में स्लैब गिरा, 17 मजदूर कर रहे थे ढलाई

दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मिलन गार्डन में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से हड़कंप। मलबे में फंसे लोगों की तलाश में NDRF और पुलिस जुटी।

Sonu Nigam· 26 Oct, 8:38 AM · 2 मिनट
दिल्ली के मिलन गार्डन में  स्लैब गिरा, 17 मजदूर कर रहे थे  ढलाई

राजधानी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब मिलन गार्डन में बन रही एक इमारत की छत (स्लैब) अचानक भरभराकर गिर गई। यह हादसा 25 अक्टूबर की शाम करीब 6:46 बजे हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब एक मंजिला इमारत पर दूसरी मंजिल का निर्माण किया जा रहा था। रविवार को पहली मंजिल की लेंटर डाली गई थी। अधिकारियों का संदेह है कि पुरानी इमारत इस नए और भारी बोझ को सहन नहीं कर पाई, जिसकी वजह से स्लैब ढह गया। मौके पर मौजूद एक मजदूर के मुताबिक, हादसे के वक्त वहां करीब 17 मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि एक पिता और पुत्र अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही मुश्किलें

मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए NDRF की टीमें आधुनिक उपकरणों और डॉग स्क्वायड की मदद ले रही हैं। हालांकि, घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आ रही हैं। एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि आसपास की भीड़ और तंग रास्तों की वजह से ऑपरेशन में मुश्किल हो रही है।

इस हादसे के बाद राजनीति भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कैबिनेट के मंत्री आशीष सूद ने घटनास्थल का दौरा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चाहे वह नगर निगम का कर्मचारी हो या राज्य सरकार का, लापरवाही बरतने वाला कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, मंत्री कपिल मिश्रा ने भी मौके का मुआयना किया और इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लापता लोगों की तलाश के लिए सभी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment