दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: बस से टकराई कार, माता-पिता और बेटी की मौत
गुरुग्राम के सोहना में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार और बस की टक्कर में माता-पिता और बेटी की मौत, दो बच्चे चमत्कारिक रूप से बचे।

गुरुग्राम के सोहना इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक रूह कपा देने वाला हादसा सामने आया है। धुनैला गांव के पास एक तेज रफ्तार कार खड़ी टूरिस्ट बस में जा घुसी, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, जबकि दो मासूम बच्चे मौत के मुंह से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, राजोकरी (दिल्ली) का रहने वाला 39 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर बम्बम कुमार अपनी पत्नी रूपा (27 वर्ष) और बच्चों के साथ राजस्थान के बालाजी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहा था। गुरुवार तड़के उनकी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार एक्सप्रेसवे पर खड़ी एक बस से इतनी जोरदार तरीके से टकराई कि कार बस के नीचे बुरी तरह फंस गई। इस भीषण टक्कर में बम्बम, उसकी पत्नी रूपा और उनकी सात से नौ साल की बेटी माही की मौके पर ही जान चली गई।
मशीनी कटर से बचाई गई दो बच्चों की जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार बस के नीचे इस कदर दब गई थी कि अंदर फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो गया। आपातकालीन बचाव दल और फायर ब्रिगेड के अधिकारी देवेंद्र सिंह ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटा। मैकेनिकल कटर की मदद से बम्बम के बेटे आयुष (8-10 वर्ष) और एक साल की बेटी टिंगी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और ERV-235 टीम की तत्परता से इन दोनों बच्चों की जान बच सकी, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार अब वे खतरे से बाहर हैं।
भोंडसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि जिस टूरिस्ट बस से टक्कर हुई, वह खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। पुलिस ने इस मामले में बस ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कार चालक को नींद आ गई थी या गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी आई थी, जिसकी वजह से वह खड़ी बस को नहीं देख पाया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।