उत्तर प्रदेश: सीआरपीएफ कर्मी की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मातम
प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर क्षेत्र के शाहबरी गांव निवासी राजकुमार के पुत्र अमित कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1997 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। बीमारी के चलते वह मेडिकल अवकाश पर घर आए थे।

अमेठी: रामगंज स्थित त्रिसुंडी सीआरपीएफ सेंटर में तैनात प्रतापगढ़ निवासी सीआरपीएफ कर्मी राजकुमार (53) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले दो माह से बीमार चल रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर क्षेत्र के शाहबरी गांव निवासी राजकुमार के पुत्र अमित कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1997 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। बीमारी के चलते वह मेडिकल अवकाश पर घर आए थे। उनका इलाज विभागीय अस्पताल बिजनौर और लखनऊ में चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें घर लाया गया था।
घर पहुंचने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति की मौत के बाद वह परिवार के भविष्य और सहारे को लेकर परेशान रहीं। वहीं, बेटे अमित कुमार भी पिता को खोने के गम में बिलखते रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर त्रिसुंडी सीआरपीएफ सेंटर की टीम जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीआरपीएफ की टीम पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गई। गांव में गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।