इथियोपिया से पंजाब लाया गया गैंगस्टर गुरविंदर अफ़रीदी, फर्जी पासपोर्ट से विदेश में काट रहा था समय
पंजाब पुलिस ने 'ऑपरेशन शहीद' के तहत इथियोपिया से वांछित गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफ़रीदी को प्रत्यर्पित कराया है। वह 30 से अधिक मामलों में वांछित था।

पंजाब पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक लंबे अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन के बाद वांछित गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ 'अफ़रीदी' को इथियोपिया से प्रत्यर्पित (deport) कराकर भारत लाया है। यह पूरी कार्रवाई 'ऑपरेशन शहीद' के तहत की गई, जिसके लिए पुलिस पिछले 10 महीनों से जाल बिछाए हुए थी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने रविवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर 20 जनवरी 2026 को गैंगस्टरों के खिलाफ यह विशेष अभियान शुरू किया गया था। इस ऑपरेशन में पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF), काउंटर इंटेलिजेंस के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडक्शन सेल (OFTEC), केंद्रीय एजेंसियों और इथियोपिया में भारतीय दूतावास ने मिलकर काम किया, जिसके परिणामस्वरूप 6 नवंबर 2026 को अफ़रीदी को वापस लाया जा सका।
फर्जी पासपोर्ट और मेक्सिकन पहचान का खेल
जांच में खुलासा हुआ कि गुरविंदर सिंह अफ़रीदी ने कानून से बचने के लिए पहचान बदलने का सहारा लिया था। उसने लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से 'विजेंद्र सिंह' के नाम पर एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया, जिसमें उसने गोरखपुर का पता दिया था। इसी पासपोर्ट के जरिए वह 31 मार्च 2025 को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भाग गया था।
हैरानी की बात यह है कि पकड़े जाने के डर से उसने एक फर्जी मेक्सिकन पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने अधिकारियों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि वह एक मेक्सिकन नागरिक है, न कि गुरविंदर अफ़रीदी। हालांकि, उसकी यह चाल नाकाम रही और उसे हिरासत में लेकर वापस UAE भेज दिया गया, जहाँ से अंततः पंजाब पुलिस उसे अपने कब्जे में लेने में सफल रही।
DGP गौरव यादव ने बताया कि इस एक अपराधी को पकड़ने के लिए इंटरपोल के जरिए सात से अधिक नोटिस जारी किए गए थे। अफ़रीदी डोनी बाल-प्रभ दस्सूवाल गैंग का एक मुख्य सरगना है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल है, जिनमें पांच हत्याएं भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उसकी गहन पूछताछ कर रही है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।