बिहार

किशनगंज: पुलिस को देख भागने लगी कार, तलाशी में मिली 214 लीटर विदेशी शराब, दो गिरफ्तार

किशनगंज पुलिस ने कार से 214 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है और मधेपुरा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Sonu Nigam· 30 Oct, 5:02 PM · 2 मिनट
किशनगंज: पुलिस को देख भागने लगी कार, तलाशी में मिली 214 लीटर विदेशी शराब, दो गिरफ्तार

बिहार के किशनगंज जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में कोचाधामन पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की i-20 कार से कुल 214.335 लीटर विदेशी शराब जब्त की और मौके से दो तस्करों को दबोच लिया।

यह पूरी घटना गुरुवार शाम की है, जब कोचाधामन थाना क्षेत्र के धनपुरा पिकेट के पास पुलिस की टीम संध्या गश्ती और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान किशनगंज की दिशा से एक तेज रफ्तार कार आती दिखी। जैसे ही कार सवारों ने पुलिस की मौजूदगी देखी, उन्होंने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगाने की कोशिश की। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और उसे रुकने पर मजबूर कर दिया।

कार के पिछले हिस्से में छिपा रखी थी शराब

जब पुलिस ने संदिग्ध कार की गहन तलाशी ली, तो वे दंग रह गए। कार के पिछले हिस्से में बड़ी चालाकी से पश्चिम बंगाल में बनी विभिन्न ब्रांडों की 214.335 लीटर अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने तुरंत शराब और कार को जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के रहने वाले राहुल कुमार (निवासी सुंदरपट्टी) और मो. सदरे (निवासी भरखोरा बाजार, मुरलीगंज) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम और धनपुरा पिकेट प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने इस छापेमारी को अंजाम दिया।

पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस शराब की खेप कहाँ से आई थी और इसे कहाँ पहुँचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment