पटना सड़क हादसा: बेटे का इलाज कराकर लौट रहे पिता-पुत्र की ट्रक की चपेट में आने से मौत
पटना के फतुहा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, इलाज कराकर लौट रहे पिता और इकलौते बेटे की मौके पर ही मौत।

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और पुत्र को रौंद दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब पिता अपने बेटे का इलाज कराकर वापस घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अरविंद कुमार (55 वर्ष) और उनका इकलौता बेटा सोनू कुमार (30 वर्ष) नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बीघा गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि अरविंद कुमार अपने बेटे सोनू को इलाज के लिए बाइक से पटना लेकर आए थे। डॉक्टर को दिखाने के बाद जब दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी धोवा पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।