बिहार के ग्रामीण युवाओं को अब सेना में ऑफिसर बनाने की तैयारी
नटखट खेल महोत्सव और कैडेट्स एकेडमी ने ग्रामीण युवाओं को सेना और अर्धसैनिक बलों में करियर बनाने के लिए हाथ मिलाया है।

बिहार के ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब सिर्फ मैदान तक ही सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें देश की सीमाओं की रक्षा करने का मौका मिलेगा। बनमंखी स्थित नटखट खेल महोत्सव और नई दिल्ली की कैडेट्स एकेडमी ने एक खास साझेदारी की है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को डिफेंस सर्विसेज (रक्षा सेवाओं) के लिए तैयार करना है। इस नई पहल को 'कैडेट्स फॉर चैंपियंस' नाम दिया गया है, जो ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
इस समझौते के तहत, नटखट खेल महोत्सव में आयोजित होने वाली ग्रुप डिस्कशन प्रतियोगिता के विजेताओं को भारतीय सेना और अन्य रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए मुफ्त मार्गदर्शन और ट्रेनिंग दी जाएगी। इतना ही नहीं, खेल महोत्सव के दौरान पहचाने गए बेहतरीन धावकों और अन्य प्रतिभाशाली एथलीटों को आर्मी, नेवी, एयरफोर्स और अर्धसैनिक बलों की भर्ती के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा।
फिजिकल फिटनेस के साथ अब मिलेगी अफसर बनने की ट्रेनिंग
नई दिल्ली स्थित कैडेट्स एकेडमी के मुख्यालय में इस समझौते पर अंतिम मुहर लगाई गई। इस मौके पर नटखट खेल महोत्सव के स्पॉन्सरशिप हेड विजय वर्धन, कैडेट्स एकेडमी के प्रमुख विश्वरंजन भारद्वाज और महोत्सव के सदस्य मिथिलेश मिश्रा मौजूद थे।
विश्व रंजन भारद्वाज ने इस मौके पर एक महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि बिहार के ग्रामीण युवाओं में शारीरिक क्षमता (फिजिकल फिटनेस) कमाल की होती है, यही वजह है कि वे सेना और अर्धसैनिक बलों की भर्ती में शानदार प्रदर्शन करते हैं। लेकिन दिक्कत तब आती है जब बात अफसर बनने की होती है, क्योंकि उनके पास एकेडमिक तैयारी, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू की ट्रेनिंग के मौके बहुत कम होते हैं। यह साझेदारी इसी कमी को दूर करने और युवाओं को ऑफिसर लेवल की भूमिकाओं के लिए तैयार करने के लिए की गई है।
नटखट खेल महोत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व एयर वॉरियर प्रणय प्रसून ने कहा कि यह साझेदारी खेल प्रतिभाओं को करियर में बदलने और अंततः उन्हें राष्ट्र सेवा से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाएगी। इस पहल के लिए महोत्सव के अध्यक्ष विधु शेखर खान, महासचिव रूपेश कुमार झा और उपाध्यक्ष शिवा कात्यायन ने कैडेट्स एकेडमी का आभार व्यक्त किया है।