गोवा सरकार के इस फैसले ले अब उड़ कर जाना होगा और सस्ता, देश की एयरलाइंस ने किया स्वागत
गोवा सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर वैट घटाकर 7% कर दिया है। केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू और एयर इंडिया ने इस फैसले का स्वागत किया है।

गोवा जाने वाले यात्रियों और एयरलाइंस के लिए एक बहुत अच्छी खबर आई है। गोवा सरकार ने विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर लगने वाले वैल्यू ऐडेड टैक्स (VAT) को घटाकर अब 7 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले का मकसद राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना और पर्यटन उद्योग को नई रफ्तार देना है। सरकार के इस कदम का केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और दिग्गज एयरलाइन एयर इंडिया ने जोरदार स्वागत किया है।
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईंधन की लागत कम होने से न केवल एयरलाइंस को मदद मिलेगी, बल्कि इससे यात्रियों को भी लाभ होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के कदम विमानन क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हैं, जिससे गोवा के पर्यटन क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी।
एयरलाइंस ने जताई उम्मीद, अन्य राज्यों से भी की अपील
देश की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने भी गोवा सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है। एयर इंडिया का मानना है कि टैक्स में कटौती से यह खूबसूरत तटीय राज्य यात्रियों के लिए और अधिक सुलभ हो जाएगा, जिससे लोग यहां की संस्कृति, समुद्र तटों और मेहमाननवाजी का आनंद ले सकेंगे। एयर इंडिया ने उम्मीद जताई है कि गोवा की इस पहल से प्रेरित होकर देश के अन्य राज्य भी ईंधन करों को तर्कसंगत बनाएंगे, ताकि पूरे देश में हवाई यात्रा सस्ती और आसान हो सके।
सिर्फ एयर इंडिया ही नहीं, बल्कि इंडिगो ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। इंडिगो के अनुसार, यह कदम एविएशन इकोसिस्टम को सहारा देगा और राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।
बता दें कि गोवा सरकार ने इसके लिए गोवा वैल्यू ऐडेड टैक्स एक्ट, 2005 की शेड्यूल C में संशोधन कर अधिसूचना जारी की है। यह नई दर 24 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो गई है। अब उम्मीद की जा रही है कि कम लागत के कारण अधिक उड़ानें संचालित होंगी और पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।