महिला सहकर्मी से दुष्कर्म का आरोपी UAE से गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने प्रत्यर्पित कर भारत लाया
दिल्ली पुलिस ने यूएई से एक बलात्कार आरोपी को प्रत्यर्पित कर भारत लाया है। आरोपी ने अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ यौन शोषण किया था।

दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से एक ऐसे आरोपी को प्रत्यर्पित किया है, जिस पर अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ बलात्कार का गंभीर आरोप है। अबू धाबी से लाए गए इस 38 वर्षीय आरोपी की पहचान सजीर पल्ली मूप्पन उर्फ सजीर पीएम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से केरल के कन्नूर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे बुधवार शाम को दिल्ली लाया, जिसके बाद अब उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
यह पूरा मामला अक्टूबर 2025 का है, जब एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत सजीर ने पंजाबी बाग के एक लाउंज में कर्मचारी के जन्मदिन की पार्टी के दौरान अपनी महिला सहकर्मी को नशीले पदार्थ और शराब पिलाई। इसके बाद आरोपी उसे करोल बाग के एक होटल में ले गया, जहां उसने पीड़िता के साथ यौन शोषण किया। पीड़िता ने शुरुआत में कंपनी मैनेजमेंट से शिकायत की थी, जिसके बाद POSH एक्ट के तहत एक आंतरिक शिकायत समिति (ICC) बनाई गई। लेकिन आरोपी ने न तो जांच में सहयोग किया और न ही काम पर आया।
इंटरपोल और कई एजेंसियों के समन्वय से मिली सफलता
जब आरोपी ने कंपनी की कार्रवाई को नजरअंदाज किया, तो पीड़िता ने फरवरी 2026 में करोल बाग थाने में मामला दर्ज कराया। जांच में पता चला कि आरोपी 5 जनवरी 2026 को ही भारत छोड़कर यूएई भाग गया था। जुलाई में उसे भगोड़ा घोषित किया गया और उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी किया गया।
स्पेशल सीपी (कानून और व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस ऑपरेशन को सफल बनाने में सीबीआई (CBI), गृह मंत्रालय (MHA), विदेश मंत्रालय (MEA) और इमिग्रेशन ब्यूरो की अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि भारतपोल (Bharatpol) प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी पुलिस अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाया गया। दिल्ली पुलिस की एक तीन सदस्यीय टीम, जिसमें इंस्पेक्टर कपिल, सब-इंस्पेक्टर संदीप और सब-इंस्पेक्टर काजल शामिल थे, अबू धाबी गई और आरोपी को हिरासत में लेकर भारत लाई।
स्पेशल सीपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकना और अपराधियों को सजा दिलाना दिल्ली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे दुनिया के किसी भी कोने में छिपा हो, उसे ढूंढकर लाया जाएगा। अब आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।